बांग्लादेशः हिंदू युवक के कथित फ़ेसबुक पोस्ट को लेकर बवाल
बांग्लादेश में सोमवार को बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए हैं. इसके एक दिन पहले एक साम्प्रदायिक दंगे में पुलिस की गोली से चार लोगों की मौत हो गई थी. बताया जा रहा है कि भोला द्वीप पर रहने वाले एक हिंदू युवक बिप्लब चंद्र बैद्य की फ़ेसबुक आईडी से एक टिप्पणी की गई थी , जिसमें कथित तौर पर ईश निंदा की गई थी. इसके बाद क़रीब 20 हज़ार लोगों की भीड़ युवक को फांसी देने की मांग कर रहे थे. पुलिस का कहना है कि रविवार को भीड़ के उग्र होने पर उन्हें गोली चलानी पड़ी. इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई जबकि 50 लोग घायल हुए हैं जिनमें 10 पुलिसकर्मी शामिल हैं. इलाक़े में भारी तनाव को दे खते हुए एक जगह इकट्ठा होने, रैलियों और प्रदर्शनों पर पाबं दी लगा दी गई है. ये घटना बीते शनिवार को भोला द्वीप के बुरहानुद्दीन शहर की है. वहाँ दो दिन पहले एक हिंदू युवक ने पुलिस को बताया था कि उसका फ़ेसबुक आईडी हैक हो गया है. इसी फ़ेसबुक आईडी से पैगंबर मोहम्मद के संबंध में कुछ आपत्तिजनक पोस्ट किया गया. लेकिन इसी दौरान स्थानीय इस्लामिक और मदरसा संगठन उस हिंदू युवक को सज़ा देने की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन करने लगे...